Greater Noida Monkey Rescue: ग्रेटर नोएडा में बंदर का रेस्क्यू करने पहुंचे पशुसेवकों पर हमला, तीन घायल
ग्रेटर नोएडा में दनकौर रेलवे स्टेशन के पास घायल बंदर का रेस्क्यू करने पहुंचे पशुसेवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 12 बजे हुए हमले में तीन लोग घायल हो गए। हमलावरों ने पशुसेवकों की कार में भी तोड़फोड़ की। घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
कासना कोतवाली क्षेत्र के नट की मड़ैया गांव निवासी अंकुर नायक ने पुलिस को बताया कि वह बेसहारा पशुओं की सेवा करते हैं। उन्हें स्टेशन के आसपास एक बंदर के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे थे, ताकि बंदर को सुरक्षित निकालकर उपचार दिलाया जा सके।
अंकुर का आरोप है कि इसी दौरान कार में सवार होकर सात से आठ लोग वहां पहुंचे और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अंकुर और उनके दो साथी घायल हुए। आरोपियों ने उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया और फिर मौके से चले गए।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि नामजद लोग उनके ही गांव के रहने वाले हैं और उनके साथ पहले से कोई विवाद नहीं था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे पीड़ित पक्ष दनकौर कोतवाली पहुंचा और शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच कर तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





