Diwali Bonus Protest: ग्रेटर नोएडा में दिवाली बोनस की मांग पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, बातचीत के बाद काम पर लौटे
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक मोबाइल निर्माता कंपनी के गेट पर बुधवार सुबह कर्मचारियों ने दिवाली बोनस की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बातचीत कराई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें दिवाली बोनस नहीं दिया जा रहा और उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार हो रहा है। सुबह प्रदर्शन शुरू होने के बाद कंपनी गेट पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ती गई।
हंगामे की सूचना मिलने पर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार कंपनी प्रबंधन ने बोनस देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारी अपने काम पर लौट गए। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है, शांति व्यवस्था कायम है और कंपनी में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है।





