Hapur News : हापुड़ में बाबूगढ़ थाना पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें 25 हजार रुपये का इनामी मुनीर भी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से मेरठ से चोरी की गई स्कूटी और अवैध असलहा बरामद किया है। दोनों आरोपी मुरादाबाद के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ हापुड़ समेत पांच जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 48 मुकदमे दर्ज हैं।
बुधवार दोपहर 3 बजे मामले का खुलासा करते हुए सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मुनीर मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में नवाबपुरा स्थित हाजीनेक की मस्जिद के पास रहता है। वह बाबूगढ़ थाने में दर्ज चोरी के मामले में फरार चल रहा था। लगातार फरार रहने के चलते पुलिस अधीक्षक मधुवन सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दूसरा आरोपी गौरव मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के डिटोरा गांव का रहने वाला है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों के खिलाफ हापुड़, रामपुर, मुरादाबाद, संभल और मेरठ में करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही अन्य मामलों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।





