उत्तर प्रदेशराज्य

EV Charging Station: ग्रेटर नोएडा की तीन सोसाइटी में बन रहे ईवी चार्जिंग स्टेशन, जल्द मिलेगी सुविधा

EV Charging Station: ग्रेटर नोएडा की तीन सोसाइटी में बन रहे ईवी चार्जिंग स्टेशन, जल्द मिलेगी सुविधा

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई ईवी चार्जिंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जल्द ही तीन बड़ी सोसाइटी में अत्याधुनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

एनपीसीएल ने एक निजी कंपनी के साथ मिलकर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्पायर और गौड़ सिटी-2 की 16 एवेन्यू सोसाइटी में तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक जार सोसाइटी में भी चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है।

एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बताया कि सभी चार्जिंग स्टेशनों पर फास्ट और स्लो दोनों तरह के चार्जर लगाए जाएंगे। एक समय में दो वाहनों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी। फास्ट चार्जर की क्षमता 60 किलोवाट होगी, जबकि स्लो चार्जर की क्षमता 14 किलोवाट रखी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, फास्ट चार्जर से वाहन की बैटरी लगभग 45 से 50 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो जाएगी। वहीं स्लो चार्जर से चार से पांच घंटे का समय लगेगा। फास्ट चार्जिंग के लिए 15.75 रुपये प्रति यूनिट और स्लो चार्जिंग के लिए 12.75 रुपये प्रति यूनिट शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा जीएसटी अलग से देना होगा।

निराला एस्पायर सोसाइटी में बैटरी स्वैपिंग स्टेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यहां वाहन चालकों को बिना इंतजार किए पूरी तरह चार्ज बैटरी उपलब्ध हो सकेगी।

एनपीसीएल ने शहर में पांच और नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना भी बनाई है। इन्हें शारदा विश्वविद्यालय, एनआरआई सोसाइटी, गौड़ सिटी-11 एवेन्यू, स्टेलर एमआई लिगेसी और इरोस संपूर्णम सोसाइटी में स्थापित किया जाएगा।

फिलहाल शहर में 12 ईवी चार्जिंग स्टेशन संचालित हैं। तिलपता गांव के पास 130 मीटर रोड पर स्थित स्टेशन सबसे बड़ा माना जाता है, जहां एक साथ चार बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button