Geeta Colony Development: गीता कॉलोनी में कई सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य शुरू, स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

Geeta Colony Development: गीता कॉलोनी में कई सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य शुरू, स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कई महत्वपूर्ण सड़कों और गलियों के नव-निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. अनिल गोयल ने पार्षद नीमा भगत की मौजूदगी में विकास परियोजनाओं की शुरुआत कराई। इस दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों पर संतोष जताया।
कार्यक्रम के तहत सबसे पहले 15 ब्लॉक क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। जिन इलाकों में निर्माण कार्य शुरू हुआ उनमें 15/101 से 15/69, 18/9 से 18/10 तक की सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा न्यू लाहौर इलाके में मकान नंबर 2 से 16A, मकान नंबर 75 से 77A और मकान नंबर 86 से 92 तक सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया।
सरोजिनी नायडू पार्क क्षेत्र में भी कई अहम सड़कों और गलियों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। यहां मकान नंबर 16 से डीईएमएस ऑफिस तक, मकान नंबर 67 से 60 तक और काली माता मंदिर से गीता अपार्टमेंट तक सड़क निर्माण परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से जर्जर सड़कें, टूटी गलियां और जलभराव जैसी समस्याएं बनी हुई थीं, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही में काफी परेशानी होती थी। अब नए निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इस मौके पर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि गीता कॉलोनी क्षेत्र में बेहतर सड़कें, साफ-सफाई और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लगातार चिन्हित कर विकास कार्य कराए जा रहे हैं ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इलाके में और भी विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे गीता कॉलोनी को एक बेहतर और व्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।
पार्षद नीमा भगत ने कहा कि वार्ड में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और जनता की जरूरतों के अनुसार नई परियोजनाओं पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय निवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद इलाके की तस्वीर बदलेगी और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।



