Elevated Road Assault: भंगेल एलिवेटेड रोड पर मारपीट का वीडियो वायरल, सात महीने बाद परिचित युवक के खिलाफ केस दर्ज

Elevated Road Assault: भंगेल एलिवेटेड रोड पर मारपीट का वीडियो वायरल, सात महीने बाद परिचित युवक के खिलाफ केस दर्ज

नोएडा। भंगेल एलिवेटेड रोड पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित सामने आया है। घटना करीब सात महीने पुरानी बताई जा रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष से संपर्क किया, जिसके बाद सेक्टर-46 निवासी रीतेश चौधरी ने अपने परिचित युवक सौरभ के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस को दी शिकायत में रीतेश चौधरी ने बताया कि 23 फरवरी को वह अपनी दोस्त काजल, नीलम, कंचन और सोना के साथ सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल गए थे। वहां सभी ने नीलम का जन्मदिन मनाया। देर रात जन्मदिन का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे।

आरोप है कि जब उनकी कार भंगेल एलिवेटेड रोड पर स्पार्किंन होटल के सामने पहुंची तो परिचित युवक सौरभ ने उनकी कार रुकवा ली। रीतेश उससे मिलने के लिए अपनी कार से नीचे उतरे। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान सौरभ ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया।

रीतेश का आरोप है कि उन्होंने सौरभ को विवाद करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह गाली-गलौज करने लगा और इसके बाद उनके साथ मारपीट की। सड़क पर विवाद और मारपीट होते देखकर वहां से गुजर रहे लोग भी मौके पर एकत्र होने लगे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर सौरभ उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चला गया। घटना के समय वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी और न ही कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस कारण उस समय पुलिस की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। करीब सात महीने बाद बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की पहचान कर उससे संपर्क करने का प्रयास किया। इसके बाद रीतेश चौधरी ने सेक्टर-49 थाने में शिकायत देकर घटनाक्रम की जानकारी दी और परिचित युवक सौरभ पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img