Delhi Fire: शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, 23 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी मार्केट धुएं के गुबार और ऊंची-ऊंची लपटों से घिर गई। देर रात लगी इस आग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 57 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कई फायर टेंडर मौके पर रवाना किए। आग की भयावहता को देखते हुए लगातार अतिरिक्त गाड़ियां भेजी गईं और रात करीब 1 बजकर 20 मिनट तक कुल 23 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच चुकी थीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार आग बुझाने का अभियान चलाया।
अधिकारियों के मुताबिक फर्नीचर मार्केट में बड़ी मात्रा में लकड़ी, फोम, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे “मीडियम कैटेगरी फायर” घोषित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने दुकानों और सामान को बचाने की कोशिश करते रहे। कई दुकानदारों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों में प्रशासन और दमकल विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। हालात तनावपूर्ण हो गए और कुछ लोगों ने दमकल विभाग की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो पाएगी।
Delhi Firing: करोल बाग में देर रात ताबड़तोड़ गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल



