Delhi Crime: दिल्ली में रात को बाइक से लूट मचाने वाला गिरोह गिरफ्तार, देसी कट्टा, नकदी और लूटी गई बाइकें बरामद

Delhi Crime: दिल्ली में रात को बाइक से लूट मचाने वाला गिरोह गिरफ्तार, देसी कट्टा, नकदी और लूटी गई बाइकें बरामद

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली की सड़कों पर देर रात आतंक फैलाने वाले बाइक सवार लुटेरों का पर्दाफाश हो गया है। शाहदरा जिला पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए तीन कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जो रात के समय हथियारों के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। ये आरोपी दिन में ऑटो चलाते थे और रात होते ही लुटेरे बन जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शारिक उर्फ कालिया, शब्बीर उर्फ फहीम और सौरव उर्फ मिक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, नकली लाइटरनुमा पिस्टल, 6,400 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन (एक टूटा हुआ), चाकू, बाइक खोलने के औजार, एक लूटी हुई ड्यूक बाइक और फर्जी नंबर प्लेट वाली डोमिनार बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी दिन में सीमापुरी से दिल्ली-6 के बीच ऑटो चलाते थे। रात होते ही वे दरियागंज पहुंचते, जहां उन्होंने चोरी की बाइकें छिपा रखी थीं। ये गैंग ड्यूक और डोमिनार जैसी स्पोर्ट्स बाइकों का इस्तेमाल करता था, जिससे वारदात के बाद पहचान पाना मुश्किल हो जाता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक को फिर वहीं छिपा देते और ऑटो से वापस घर लौट जाते थे।

31 मई की रात को जगतपुरी और गीता कॉलोनी इलाकों में हथियार दिखाकर लूट की दो वारदातों के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई। FIR दर्ज कर CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें ड्यूक और डोमिनार बाइक नजर आई। डोमिनार बाइक की नंबर प्लेट फर्जी निकली, लेकिन ड्यूक बाइक के सुराग से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया गया।

शाहदरा जिला के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि गिरोह का सरगना शारिक पहले ही 45 से ज्यादा वारदातों में जेल जा चुका है। जेल में ही उसने अपराध के तरीके और CCTV से बचने की ट्रिक्स सीखी थीं। उसके दोनों साथी भी अपराध की दुनिया में लंबे समय से सक्रिय हैं और पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुके हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक और साथी शहजाद, जो नई सीमापुरी का रहने वाला है, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अब तक जगतपुरी, गीता कॉलोनी, प्रीत विहार, लाजपत नगर और कृष्णा नगर में हुई कम से कम पांच लूट की घटनाओं का खुलासा हो चुका है। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि अपराध चाहे जितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच पाना नामुमकिन है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।

>>>>>>>>>>>>>

 

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img