
Dehradun : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट, विधानसभा प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण की प्रक्रिया में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ जुटने का आह्वान किया है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और निष्पक्ष होना लोकतंत्र की आधारशिला है। एसआईआर के दूसरे चरण के दौरान यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से न हटे। इसके लिए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक पूरी सजगता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने सभी बीएलए, विधानसभा प्रभारियों और पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर लगातार नजर रखें। पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर कोई आपत्ति या त्रुटि सामने आती है तो उसका तत्काल नियमानुसार समाधान कराने के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करें।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर प्रभावी काम करने और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र को मजबूत करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।



