स्टैंडअप कॉमेडियन की चाकू घोंपकर हत्या, सरेआम उतारा मौत के घाट

अमर सैनी

नोएडा। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में बुधवार रात स्टैंडअप कॉमेडियन की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान आरोपियों ने सरेआम उसे चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आए उसके दोस्त को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां स्टैंडअप कॉमेडियन को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके दोस्त का इलाज जारी है।

सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी में आशु अपने परिवार के साथ रहता था। उसके माता-पिता एक निजी कंपनी में काम करते हैं। आशु शौकिया तौर पर स्टैंडअप कॉमेडियन करता था और पेशे से इलेक्ट्रीशियन था। बुधवार रात नौ बजे आशु की कॉलोनी में रहने वाले पारुल और अमित से कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी बीच दूसरे पक्ष ने आशु को चाकू घोंपकर घायल कर दिया। उसे बचाने आए उसके दोस्त विशाल को भी चाकू लग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान आशु की मौत हो गई, जबकि विशाल का इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

दिवाली पर आशु ने मारा था थप्पड़
बताया जा रहा है कि दिवाली से तीन दिन पहले आशु और आरोपी पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान आशु ने पारुल को थप्पड़ मार दिया था। उस दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया था। लेकिन आरोपी बदला लेना चाहते थे। इसी के चलते बुधवार को दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और चाकूबाजी में आशु की मौत हो गई।

पैसों के लेन-देन का चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले दोनों पक्षों में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद से दोनों पक्षों में बातचीत बंद हो गई थी। बुधवार रात को इसी को लेकर फिर से विवाद हुआ और चाकूबाजी हुई। इस घटना में घायल विशाल को पारिवारिक स्थिति ठीक न होने के कारण सेक्टर-24 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

पुलिस की पांच टीम कर रही तलाश
इस संबंध में पुलिस अधिकारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img