Bulldozer Robbery: दादरी में चालक से मारपीट कर बुलडोजर लूटा, पुलिस की वर्दी में थे दो आरोपी
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के दादरी कोतवाली क्षेत्र में चालक के साथ मारपीट कर बुलडोजर लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना में शामिल छह लोगों में से दो पुलिस की वर्दी पहने हुए थे। आरोपियों ने बुलडोजर को कासना कोतवाली में दर्ज मुकदमे से जुड़ा बताकर अपने कब्जे में लेने की बात कही, लेकिन विरोध करने पर पीड़ित और उसके चालक के साथ मारपीट की और वाहन लेकर फरार हो गए। मामले में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का रुख किया। अब न्यायालय के आदेश पर दादरी कोतवाली पुलिस ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रूपवास गांव निवासी ऋषिपाल ने न्यायालय में शिकायत देकर बताया कि 21 अगस्त को उनके चालक ने फोन कर बुलडोजर छीने जाने की सूचना दी थी। चालक ने बताया कि वह दादरी जीटी रोड पर आरपी फॉर्म के पास था, तभी कुछ लोग जबरन बुलडोजर अपने साथ ले जाने लगे। सूचना मिलते ही ऋषिपाल मौके पर पहुंचे। वहां चालक ने उन्हें बताया कि आरोपी बुलडोजर लेकर पेरीफेरल की दिशा में चले गए हैं।
इसके बाद ऋषिपाल और उनके चालक ने कार से आरोपियों का पीछा किया। कुछ दूरी पर उन्हें आरोपी बुलडोजर लेकर जाते दिखाई दिए। पीड़ित ने इशारा कर उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय उन्हें घेर लिया। शिकायत के अनुसार, बुलडोजर के साथ दो बाइक पर चार लोग चल रहे थे। इनमें से दो लोगों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी।
पीड़ित का आरोप है कि वर्दी पहने लोगों ने दावा किया कि बुलडोजर के खिलाफ कासना कोतवाली में मुकदमा दर्ज है और इसी वजह से वे उसे लेकर जा रहे हैं। जब ऋषिपाल ने इस कार्रवाई का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके और चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद सभी आरोपी बुलडोजर लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ऋषिपाल अपने बुलडोजर के बारे में जानकारी लेने कासना कोतवाली पहुंचे। उनके मुताबिक, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि थाने में कोई बुलडोजर लेकर नहीं आया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि उनकी सुनवाई नहीं हुई। लगातार प्रयासों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में याचिका दायर की।
न्यायालय के आदेश के बाद दादरी कोतवाली पुलिस ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की पहचान और बुलडोजर लूट की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

