राज्यबिहारराज्य

Bihar : सरकारी गाड़ी छोड़ साइकिल पर निकले डीएम शेखर आनंद, युवाओं को दिया फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश

Sheikhpura (मृत्युंजय) : आमतौर पर सरकारी अफसरों का काफिला लालबत्ती, सरकारी वाहन और सुरक्षा घेरे के साथ दिखाई देता है। लेकिन मंगलवार की सुबह शेखपुरा की सड़कों पर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। जिले के जिलाधिकारी शेखर आनंद सरकारी गाड़ी छोड़कर साइकिल पर सवार होकर सड़क पर निकले।

सबसे आगे एस्कॉर्ट वाहन था, जबकि उसके पीछे सुरक्षा कर्मियों और फिजिकल टीचरों के साथ डीएम खुद पूरे उत्साह से साइकिल चलाते नजर आए। सड़क किनारे खड़े लोग इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। किसी ने तस्वीरें कैद कीं तो किसी ने इसे प्रशासन की नई सोच बताया।

यह केवल साइकिल यात्रा नहीं थी, बल्कि समाज को नशे से दूरी, फिटनेस से दोस्ती और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने की पहल थी।

डीएम शेखर आनंद ने अपने सरकारी आवास से साइकिल यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा बरबीघा होते हुए शेखोपुर सराय तक पहुंची और वहां से वापस शेखपुरा स्थित सरकारी आवास पर समाप्त हुई। पूरे रास्ते प्रशासनिक टीम और सुरक्षा कर्मी उनके साथ मौजूद रहे।

साइकिल यात्रा के दौरान डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नशामुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी चिंता यह है कि अधिकांश युवा सुबह उठते ही मोबाइल फोन में व्यस्त हो जाते हैं। इससे न केवल उनका शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि मानसिक सक्रियता भी कम हो रही है।

डीएम ने युवाओं से अपील की कि यदि जीवन में ऊर्जा, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य चाहिए तो नियमित व्यायाम और साइकिल चलाने जैसी आदतों को अपनाना होगा। साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि फिटनेस और स्वस्थ जीवन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर यदि युवा खेल, व्यायाम और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तो वे न केवल खुद स्वस्थ रहेंगे बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगे।

मंगलवार की सुबह निकली यह साइकिल यात्रा अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि जब जिले का सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश देता है तो उसका असर समाज पर निश्चित रूप से पड़ता है।

Related Articles

Back to top button