भूखंड बेचने का झांसा देकर पैसे हड़पने का आरोप, पांच के खिलाफ केस

अमर सैनी

नोएडा।गाजियाबाद निवासी व्यक्ति ने ग्रेटर नोएडा में रहने वाले पांच लोगों पर एक भूखंड बेचने का झांसा देकर 39 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गाजियाबाद निवासी कुलदीप त्यागी ने न्यायालय को बताया कि कुछ दिनों पहले उनकी मुलाकात दो सगे भाइयों धर्मवीर और महिपाल से हुई। दोनों भाइयों ने जमीन अधिग्रहण के एवज में अपने नाम पर 373 मीटर का विकसित भूखंड आवंटित होने की जानकारी दी। प्लॉट का सौदा 77 लाख 21 हजार में तय हुआ। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने दोनों भाइयों और उनके बेटों के नाम पर नगद, आरटीजीएस और चेक के माध्यम से 39 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। बाकी रुपये रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ। इसके बाद पीड़ित को पता चला कि आवासीय भूखंड पर महीपाल और धर्मवीर के तीसरे भाई मृतक महेंद्र की पत्नी का भी हिस्सा है। यह बात उनसे छिपाई गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने रजिस्ट्री करने से मना कर दिया। पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें धमकी दी गई। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन पीड़ित को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी धर्मवीर महिपाल समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img