Babri Masjid Controversy: मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद-शैली में मस्जिद निर्माण का शिलान्यास किया
पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद-शैली में मस्जिद निर्माण का शिलान्यास कर दिया है। इससे पहले उनके समर्थक सिर पर ईंटें और पत्थर लेकर जाते हुए नजर आए थे। इस कदम के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोर्ट ने पहले ही मस्जिद निर्माण में हस्तक्षेप करने से इंकार किया था, लेकिन हुमायूं कबीर के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद गहरा गया है और प्रशासन पूरी सतर्कता बनाए हुए है।
आज हुमायूं कबीर के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और TMC के बीच बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ गया। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसका राजनीतिक लाभ उठा रही हैं। उनके अनुसार, कबीर के समर्थक मस्जिद निर्माण के लिए ईंटें लेकर इलाके में घूम रहे हैं और उन्हें पुलिस का समर्थन मिल रहा है। मालवीय ने इस क्षेत्र को साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील बताते हुए चेतावनी दी कि स्थिति बिगड़ी तो इसका असर नेशनल हाईवे-12 पर पड़ सकता है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है। उनका आरोप है कि यह प्रोजेक्ट धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक है, जिसका उद्देश्य भावनाएं भड़काना और वोट बैंक मजबूत करना है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने कहा कि यह पूरी घटना वोट बैंक राजनीति का हिस्सा है और TMC चुनावों के मद्देनजर साम्प्रदायिक माहौल भड़का रही है। उनका आरोप है कि हुमायूं कबीर को ‘फ्रीलांसर’ की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। दूसरी ओर, TMC ने पलटवार करते हुए कहा कि कबीर बीजेपी और RSS की मदद से जिले में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि निलंबित विधायक बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और भड़काऊ संदेश फैला रहे हैं। उनका कहना है कि मुर्शिदाबाद के लोग शांति-प्रिय हैं और ऐसी कोशिशों को समर्थन नहीं देंगे। हुमायूं कबीर ने कहा कि उनके कार्यक्रम को बाधित करने की साजिशें की जा रही हैं, लेकिन लाखों लोग किसी भी प्रयास को नाकाम कर देंगे।



