Greater Noida Double Murder ग्रेटर नोएडा में दो मजदूरों की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Greater Noida Double Murder ग्रेटर नोएडा में दो मजदूरों की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसमें एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि शुक्रवार रात निर्माणाधीन हॉस्टल में आरोपी अभिषेक अपने साथ काम करने वाले दो मजदूरों शीशपाल और इंद्रपाल के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले शीशपाल के सिर पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी को डर हुआ कि दूसरा मजदूर इंद्रपाल पुलिस को घटना की जानकारी दे सकता है। इसी वजह से उसने इंद्रपाल पर भी फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि तीनों मजदूर तीन दिन पहले मेरठ से निर्माणाधीन हॉस्टल में माली का काम करने आए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
परवीन रंजन सिंह ने बताया कि आरोपी अभिषेक अपनी बहन की मौत का बदला लेना चाहता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी की बहन के शीशपाल के साथ संबंध थे और वर्ष 2021 में उसकी मौत हो गई थी। तभी से आरोपी शीशपाल से बदला लेने की योजना बना रहा था।
डीसीपी के अनुसार, जब तीनों मजदूरों को काम के लिए बुलाया गया तो अभिषेक भी उनके साथ इसी इरादे से आया था। रात में शराब पीने के दौरान उसे मौका मिला और उसने पहले शीशपाल की हत्या कर दी। वहीं दूसरे मजदूर इंद्रपाल की हत्या सिर्फ इसलिए की गई ताकि वह घटना की जानकारी किसी को न दे सके।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जल्द प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर हत्या के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
