Noida Travel Fraud नोएडा में फर्जी टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Noida Travel Fraud नोएडा में फर्जी टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने देश-विदेश घूमाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने “रेंजर्स क्लब” नाम से फर्जी टूर एंड ट्रैवल कंपनी चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लुभावने पैकेज दिखाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से पर्यटन मंत्रालय के तीन फर्जी आईकार्ड, 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 मोहरें और 15 फर्जी एमओयू बरामद किए हैं।

मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी खुद को “रेंजर्स क्लब” कंपनी का डायरेक्टर बताते थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देश और विदेश में घूमाने के आकर्षक ऑफर डालते थे। जैसे ही कोई ग्राहक उनसे संपर्क करता, आरोपी उसे सस्ते और शानदार टूर पैकेज का लालच देकर अपने जाल में फंसा लेते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से पैसे लेने के बाद उन्हें फर्जी बुकिंग वाउचर और नकली रसीद भेज देते थे, ताकि लोगों को यकीन हो जाए कि उनकी बुकिंग हो चुकी है। लेकिन जब ग्राहक होटल, एयरलाइन या टूरिस्ट लोकेशन पर पहुंचते थे तो वहां उनके नाम से कोई बुकिंग नहीं मिलती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इस तरीके से अब तक 100 से ज्यादा लोगों को ठगी का शिकार बनाया और लाखों रुपये ऐंठ लिए। यह रकम सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी और बाद में आरोपी आपस में बांट लेते थे।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने लॉजिक्स मॉल में “रेंजर्स क्लब” नाम से ऑफिस खोल रखा था। वहीं से ईमेल, सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए फर्जी प्रचार किया जाता था।

पुलिस को लगातार इस गिरोह के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच शुरू की गई। तकनीकी निगरानी और सबूत जुटाने के बाद सेक्टर-24 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, लेनदेन और अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हुआ है या नहीं।

नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी टूर पैकेज या ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले संबंधित कंपनी और बुकिंग की पूरी जांच जरूर करें। खासकर सोशल मीडिया पर मिलने वाले अत्यधिक सस्ते ऑफर्स से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img