Mathura : मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर आने वाले चढ़ावे और दान में पारदर्शिता लाने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। अब यहां हर दान का पक्का हिसाब रखा जाएगा और रसीद पर सोने चांदी की पूरी रिपोर्ट दर्ज होगी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान ने मंदिर परिसर में एक अत्याधुनिक मेटल टेस्टिंग मशीन स्थापित की है। यह फैसला अयोध्या में राम मंदिर के चंदे से जुड़ी घटनाओं के बाद भक्तों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि भविष्य में ठाकुर जी को मिलने वाले सोने, चांदी और अन्य धातुओं के हर दान की रसीद काटने से पहले इस मशीन से जांच की जाएगी। जांच के बाद रसीद के साथ पूरी रिपोर्ट दी जाएगी, जिसमें धातु की शुद्धता और प्रतिशत का विस्तृत ब्योरा होगा।
संस्थान का मानना है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं का विश्वास और बढ़ेगा तथा उन्हें अपने दान को लेकर संतोष रहेगा। साथ ही मंदिर प्रबंधन के पास भी दान में मिलने वाली हर धातु का प्रामाणिक रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे सामग्रियों के वर्गीकरण और रखरखाव में आसानी होगी।





