Noida Expressway Accident: कार अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन से टकराई, चालक की मौत
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-132 कट के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीआरवी की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सेक्टर 126 थाना प्रभारी ने बताया कि गाजियाबाद के स्वर्ण नगर निवासी 40 वर्षीय हेमंत शर्मा शुक्रवार को अपनी कार से अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-132 कट के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई और हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीआरवी की सहायता से उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने घटना के संबंध में अभी तक थाने में शिकायत नहीं दी है। पुलिस शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। मौत के बाद हेमंत के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।





