Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। छतारी कस्बे के आजाद रोड पर रात करीब एक बजे बूंदाबांदी के दौरान एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर तीन लोग सो रहे थे, जो मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम वित्त अभिषेक कुमार सिंह, एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, एसडीएम शिकारपुर, एसडीएम डिबाई, सीओ डिबाई और छतारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी दानपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने राजेश 30 वर्ष पुत्र दुर्गा प्रसाद और सचिन 17 वर्ष पुत्र ज्ञान प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल चंद्रकला पत्नी दुर्गा प्रसाद को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था।





