Hapur News : हापुड़ के गढ़ रोड पर स्थित एक शोरूम पर रास्ते से गाड़ी हटाने को कहने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम के गार्ड और कर्मचारियों ने युवक को शोरूम के अंदर खींचकर पीटा। यह पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, थाना हापुड़ देहात इलाके में गढ़ रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने रास्ते में गाड़ी खड़ी थी, जिसे हटाने को लेकर युवक ने टोका। इसी बात को लेकर युवक की गार्ड और कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गार्ड और कर्मचारियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे शोरूम के अंदर ले जाकर भी पीटा।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

