Noida Diwali Security: दीवाली पर 10 जोन और 26 सेक्टरों में पुलिस का पहरा, ड्रोन से निगरानी और 20 स्थानों पर दमकल तैनात
दीवाली पर लोगों की सुरक्षा और आग की घटनाओं को रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस और अग्निशमन विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को त्योहार के मद्देनजर जिले के बाजारों, मॉल, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। पूरे कमिश्नरेट को 10 जोन और 26 सेक्टरों में बांटकर पुलिस, पीएसी और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन और हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। शनिवार शाम पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा तीनों जोन में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। नोएडा जोन में तीन जोन और नौ सेक्टर, सेंट्रल नोएडा में तीन जोन और आठ सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा में चार जोन और नौ सेक्टर बनाए गए हैं। बाजारों, मॉल और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे और महिला व पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
शनिवार शाम वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च कर दुकानदारों और व्यापारियों से बातचीत की। तीनों जोन में फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और वाहनों से पेट्रोलिंग कराई जा रही है। पीआरवी और क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट रखा गया है और सभी थाना प्रभारियों को किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों के आसपास जाम से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन होगा और भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर क्रेन की मदद से कार्रवाई होगी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी और सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
अग्निशमन विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि जिले में 20 चिन्हित स्थानों पर फायर टेंडर, फायर बाइक और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 11 स्थानों पर फायर टेंडर खड़े रहेंगे, जिनमें भंगेल पुलिस चौकी, चौकी 12-22, सेक्टर-18, सेक्टर-49, ग्रेटर नोएडा का जगत फार्म, गौड़ सिटी पुलिस चौकी, बहलोलपुर, रबूपुरा, दनकौर, जेवर और दादरी शामिल हैं। अट्टा मार्केट, सेक्टर-62 स्थित टॉट मॉल और सर्फाबाद मार्केट में फायर बाइक तैनात रहेंगी, जबकि नवादा मार्केट, सेक्टर-66, नॉलेज पार्क, एच्छर मार्केट और हल्दौनी मोड़ पर दो-दो अग्निशमन कर्मी जरूरी उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे।
अग्निशमन विभाग ने सभी निर्धारित आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर एक-एक फायर टेंडर यूनिट तैनात की है। पुलिस ने पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। केवल लाइसेंसधारी दुकानदार ही निर्धारित स्थानों पर ग्रीन पटाखे बेच सकेंगे और बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण, बिक्री या परिवहन करने वालों पर कार्रवाई होगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें और पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें।






पाठकों की राय