Hapur News : हापुड़ में अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने नगर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर उन्हें गार्द की सलामी दी गई जिसके बाद उन्होंने कार्यालय में अभिलेखों की जांच शुरू की।
इस दौरान उन्होंने अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर और मालखाना रजिस्टर को खुद देखा और लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने और सभी रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।

एएसपी ने थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की और निर्देश दिया कि महिला फरियादियों और साइबर ठगी के पीड़ितों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर सुना जाए।
उन्होंने कंप्यूटर कक्ष, शस्त्रागार, मालखाना, बंदीगृह, जवानों की बैरक और मैस का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता व साफ सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासित रहने और लोगों से बेहतर व्यवहार करने के लिए कहा गया। यह निरीक्षण आगामी 30 सितंबर को मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी के वार्षिक निरीक्षण से पहले की तैयारी के रूप में माना जा रहा है।





