Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एचडीएफसी (HDFC) बैंक के शटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैंक का शटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे बैंक के शटर में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि बैंक के शटर से वाहन टकराने की सूचना मिली थी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। वाहन और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


