Airport Drainage: अब नोएडा एयरपोर्ट पर नहीं भरेगा पानी, मिट्टी और मलबे को रोकने की होगी व्यवस्था
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ड्रेनेज सिस्टम को और बेहतर किया जा रहा है, ताकि भारी बारिश के दौरान परिसर में जलभराव की स्थिति दोबारा न बने। एयरपोर्ट प्रबंधन की तकनीकी टीम ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसमें बारिश के पानी के साथ बहकर आने वाली मिट्टी और मलबे को पहले ही रोक लिया जाएगा। इससे पानी की निकासी बाधित नहीं होगी और भारी बारिश के दौरान भी परिसर से पानी तेजी से बाहर निकल सकेगा।
दरअसल, मंगलवार को जेवर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद एयरपोर्ट के टर्मिनल और टैक्सी स्टैंड को जोड़ने वाले अंडरग्राउंड संपर्क मार्ग में पानी भर गया था। जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। हालांकि एयरपोर्ट कर्मचारियों ने करीब 30 मिनट के भीतर पानी की निकासी कर स्थिति सामान्य कर दी थी।
जलभराव के बाद तकनीकी टीम ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आसपास के क्षेत्र से तेज बारिश का पानी अपने साथ बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा लेकर एयरपोर्ट परिसर में पहुंचा था। मिट्टी और मलबे के कारण अंडरपास की जल निकासी प्रभावित हुई और पानी वहां जमा हो गया।
अब एयरपोर्ट प्रबंधन ड्रेनेज सिस्टम में ऐसे इंतजाम कर रहा है, जिससे बारिश के दौरान बाहर से आने वाली मिट्टी और मलबे को पहले ही रोक लिया जाए। इसके साथ ही पानी की निकासी की क्षमता को भी बेहतर किया जा रहा है। तकनीकी टीम का उद्देश्य है कि भविष्य में अत्यधिक बारिश होने पर भी एयरपोर्ट के अंदर जलभराव की समस्या न आए।
जलभराव पर गरमाई थी राजनीति
एयरपोर्ट में पानी भरने के वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सरकार पर कटाक्ष किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अब एयरपोर्ट में नाव चलाई जाएगी। इसके बाद जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी थी।
मामला तूल पकड़ने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) से जलभराव की पूरी रिपोर्ट मांगी थी। एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी और एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि भविष्य में इस तरह की परेशानी दोबारा न हो, इसके लिए तकनीकी टीम आवश्यक व्यवस्थाओं पर काम कर रही है।



