Airport Accident: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में ट्रक से कुचलकर कर्मचारी की मौत

Airport Accident: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में ट्रक से कुचलकर कर्मचारी की मौत
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में निर्माण कार्य के दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक चालक वाहन को पीछे कर रहा था। इसी दौरान कर्मचारी ट्रक के टायर के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जेवर कोतवाली पुलिस के अनुसार एयरपोर्ट परिसर में काम कर रही कंपनी के ठेकेदार शिवम शुक्ल की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ठेकेदार ने पुलिस को बताया कि उसका कर्मचारी अजीत बुधवार को साइट पर काम कर रहा था।
इसी दौरान ट्रक चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन को पीछे करना शुरू किया। चालक को पीछे खड़े कर्मचारी के बारे में जानकारी नहीं थी और ट्रक की चपेट में आने से अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

