Greater Noida Demolition Drive: पुराना हैबतपुर के डूब क्षेत्र में 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर प्राधिकरण का चला बुल्डोजर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनाइजरों और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करते हुए शनिवार को पुराना हैबतपुर गांव के डूब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई में लगभग 40 हजार वर्ग मीटर अधिसूचित जमीन को अवैध चंगुल से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग और वर्क सर्किल की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुल्डोजर चलाकर अनधिकृत निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
अभियान की निगरानी कर रहे एसीईओ सुमित यादव और महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कॉलोनाइजर डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की फिराक में थे और बाउंड्रीवॉल खड़ी कर रहे थे। वर्क सर्किल-1 के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया और दोबारा कब्जा करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि डूब क्षेत्र और अधिसूचित भूमि पर किसी भी कॉलोनाइजर के बहकावे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न लगाएं और कोई भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी वैधता अवश्य जांच लें।






पाठकों की राय