Bihar : उत्पाद विभाग ने भूसे के नीचे छिपाकर लाई जा रही 69 गैलन कच्ची स्प्रिट जब्त की, चालक गिरफ्तार

Nawada (मृत्युंजय) : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब माफिया लोगों की जान से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जहरीली शराब से पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद तस्कर भारी मुनाफे के लालच में कच्चे स्प्रिट की तस्करी कर रहे हैं। इसी कड़ी में नवादा के गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 69 गैलन कच्चे स्प्रिट बरामद किए हैं। बरामद स्प्रिट की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस दौरान एक चारपहिया वाहन को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग के एएसआई दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार की ओर एक वाहन में कच्चे स्प्रिट की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने गोविंदपुर जांच चौकी पर निगरानी बढ़ाई। कुछ देर बाद भूसे से लदे एक चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में भूसे के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखे गए 69 गैलन कच्चा स्प्रिट बरामद हुआ।
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वाहन उसे झारखंड के तीसरी क्षेत्र में सौंपा गया था और उसे केवल नवादा फोरलेन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जहां से दूसरा व्यक्ति इसे आगे ले जाने वाला था। उत्पाद विभाग ने स्प्रिट और वाहन को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।





