राज्यउत्तर प्रदेश

Noida News: सेक्टर-19 की तीन मंजिला इमारत में लगी आग, पड़ोसी की सूझबूझ और दमकल की तत्परता से 11 लोगों की बची जान

Noida News: सेक्टर-19 की तीन मंजिला इमारत में लगी आग, पड़ोसी की सूझबूझ और दमकल की तत्परता से 11 लोगों की बची जान

नोएडा के सेक्टर-19 स्थित एक तीन मंजिला मकान में रविवार सुबह विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैल गई और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। हालांकि पड़ोसी की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते 11 लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-19 ए-ब्लॉक स्थित मकान संख्या 682 की तीसरी मंजिल पर किराये पर रहने वाली युवतियों के कमरे में लगे विंडो एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। आसपास रहने वाले लोगों ने धुआं निकलता देखा तो तुरंत शोर मचाकर अंदर मौजूद लोगों को सतर्क किया।

सूचना मिलते ही घर में रह रही युवतियां और अन्य लोग समय रहते बाहर निकल आए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने बीए सेट पहनकर इमारत के अंदर प्रवेश किया और खिड़कियां तथा शीशे खोलकर धुआं बाहर निकालने की व्यवस्था की।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने आग को दूसरी मंजिल से आगे फैलने नहीं दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क तथा पार्क में एकत्र हो गए। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य होने पर लोग वापस अपने घर लौटे। सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने दमकल विभाग की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।

Related Articles

Back to top button