Noida Society News: गार्डेनिया ग्लोरी एओए चुनाव पर उठे सवाल, 15 जुलाई तक मांगा गया जवाब

Noida Society News: गार्डेनिया ग्लोरी एओए चुनाव पर उठे सवाल, 15 जुलाई तक मांगा गया जवाब
नोएडा। सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी अपार्टमेंट में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के वर्ष 2026-27 के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एंड चिट्स, गाजियाबाद ने एओए को नोटिस जारी कर 15 जुलाई तक अभिलेखीय साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो वर्तमान कार्यकारिणी की सूची निरस्त कर नए सिरे से चुनाव कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
सोसाइटी के कुछ निवासियों ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि नई कार्यकारिणी का गठन निष्पक्ष चुनाव कराए बिना किया गया। उनका कहना है कि अधिकांश फ्लैट मालिकों को मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर नहीं दिया गया और नियमों का पालन किए बिना कार्यकारिणी की सूची पंजीकृत करा दी गई।
डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा 7 जुलाई को जारी नोटिस में कहा गया है कि उपलब्ध अभिलेखों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वर्ष 2026-27 की प्रबंध समिति की सूची कथित रूप से कूटरचित और भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत कराई गई है।
एओए सदस्य राहुल कुमार ने कहा कि यह मामला केवल गार्डेनिया ग्लोरी तक सीमित नहीं है बल्कि नोएडा और गाजियाबाद की कई सोसाइटियों में एओए चुनावों की पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने निष्पक्ष निगरानी में दोबारा चुनाव कराने की मांग की है ताकि फ्लैट मालिकों का विश्वास बहाल हो सके।





