Accident: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, फुफेरा भाई गंभीर घायल

Accident: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, फुफेरा भाई गंभीर घायल
जेवर क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामनेर गांव की पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जेवर कोतवाली पुलिस के अनुसार बुलंदशहर के भूतगढ़ी गांव निवासी 25 वर्षीय गौरव अपनी बुआ के घर जेवर के किशोरपुर गांव आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने फुफेरे भाई करण के साथ बाइक से जेवर की ओर जा रहा था। परिजनों के मुताबिक दोनों नई बाइक लेकर बाजार जाने के लिए निकले थे।
बताया गया कि रामनेर गांव की पुलिया के पास सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल करण का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गौरव की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गौरव छुट्टियों के दौरान अपनी बुआ के घर आया था, लेकिन यहां हुए सड़क हादसे में उसकी जान चली गई।
परिजनों ने बताया कि नई बाइक खरीदने के बाद दोनों भाई खुशी-खुशी बाजार जाने के लिए निकले थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर गौरव की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
जेवर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे के मामले में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए जांच में जुटी हुई है।





