राज्यउत्तर प्रदेश

Fraud Case: पेंट टैंकर भेजने के नाम पर कारोबारी से 15.68 लाख रुपये हड़पे, गुजरात की फर्म पर केस दर्ज

Fraud Case: पेंट टैंकर भेजने के नाम पर कारोबारी से 15.68 लाख रुपये हड़पे, गुजरात की फर्म पर केस दर्ज

 

नोएडा के सेक्टर-93 निवासी एक कारोबारी से पेंट के टैंकर भेजने के नाम पर 15.68 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुजरात की एक फर्म और उसके प्रोपराइटर ने एडवांस भुगतान लेने के बाद न तो माल भेजा और न ही इनवाइस उपलब्ध कराई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी निवासी जैपाल सिंह जेपी इंटरप्राइजेज के नाम से पेंट का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च महीने में उनका संपर्क गुजरात की आरपी ट्रेडलिंक फर्म और उसके प्रोपराइटर रमेश पिराजी गुगरवाल से हुआ था।

पीड़ित के अनुसार रमेश ने खुद को डिस्टिलेट ऑयल सप्लायर बताया और कम कीमत पर माल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से माल से भरे टैंकर के वीडियो भी भेजे, जिससे कारोबारी को भरोसा हो गया।

आरोप है कि रमेश ने भुगतान मिलने के बाद ई-वे बिल और इनवाइस जारी करने के साथ तीन दिन के अंदर माल पहुंचाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद 13 मार्च को पेंट के एक टैंकर का ऑर्डर तय हुआ।

जैपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने आरोपी के खाते में दो बार में कुल करीब 17 लाख 68 हजार 408 रुपये का भुगतान कर दिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी माल नहीं भेजा गया। कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा।

 

इसके बाद आरोपी ने करीब दो लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी 15.68 लाख रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उन्हें धमकी भी दी।

ठगी का अहसास होने के बाद जैपाल सिंह ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुजरात की फर्म आरपी ट्रेडलिंक और उसके प्रोपराइटर रमेश पिराजी गुगरवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन की जानकारी भी जुटा रही है।

 

Related Articles

Back to top button