दिल्ली

Delhi Crime: तीन दिन में सुलझा रुखसार हत्याकांड, मुंबई से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति खालिद नवी

Delhi Crime: तीन दिन में सुलझा रुखसार हत्याकांड, मुंबई से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति खालिद नवी

रिपोर्ट: रवि डालमिया

शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने चंदरपुरी, कैलाश नगर में हुई रुखसार हत्याकांड की गुत्थी महज तीन दिनों में सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतका के पति खालिद नवी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू, खून लगे कपड़े और पासपोर्ट भी बरामद किया है।

पूर्वी रेंज ज्वाइंट सीपी अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि 13 जून को गांधी नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदरपुरी, कैलाश नगर स्थित एक घर में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला का गला रेता हुआ मिला। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रुखसार के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि घटना के बाद रुखसार का पति खालिद नवी घर से फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था और किसी भी तरह की डिजिटल गतिविधि से बच रहा था। इसके कारण पुलिस को शुरुआती दौर में कोई तकनीकी सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस ने मानव स्रोतों और अन्य जांच माध्यमों के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी के उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मुंबई और गोवा में संपर्क हैं। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें कई राज्यों में भेजी गईं। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने भाई से संपर्क करने की कोशिश कर सकता है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 जून को मुंबई से खालिद नवी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले रुखसार से हुई थी और दोनों के तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछले एक साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

पुलिस जांच के अनुसार, 13 जून को दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी दौरान खालिद ने चाकू से रुखसार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी दिल्ली से फरार हो गया और बिना टिकट अलग-अलग ट्रेनों से मुंबई पहुंच गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया। इसके अलावा महाराष्ट्र के पनवेल रेलवे स्टेशन के पास छिपाकर रखे गए खून से सने कपड़े और पासपोर्ट भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी खालिद नवी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसे धारा 107/151 सीआरपीसी के तहत छह बार गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

 

 

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

 

Related Articles

Back to top button