अभिषेक ब्याहुत
नोएडा। साइबर अपराधियों ने सेक्टर-126 रायपुर खादर निवासी युवक को घर बैठे कमाई का झांसा देकर दो लाख 62 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ठगी की गई। युवक ने सेक्टर-126 थाने में केस दर्ज कराया है।
हर्षित मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनके पास कुछ समय पहले व्हाट्सऐप पर मैसेज आया, जिसमें घर बैठे डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन ट्रेडिंग करके लाखों रुपये कमाने की बात कही गई थी। उन्होंने जब उक्त नंबर पर संपर्क किया तो उनको टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में पहले से 100 लोग जुड़े थे। इसके बाद आरोपियों ने उनको ऑनलाइन पेज की रेटिंग और रिव्यू का टास्क दिया, जिसको उन्होंने पूरा किया। इससे उनको कुछ फायदा हुआ। जालसाजों ने उनको दूसरे टास्क में ऑनलाइन ट्रेडिंग करने के लिए कहा और उनका एक अकाउंट बना दिया। इसके जरिए उन्होंने कई कंपनियों के शेयर में निवेश किया। शुरुआती दौर में उनको फायदा हुआ, लेकिन जब उनकी रकम ज्यादा हो गई तो उनके अकाउंट को बंद कर दिया गया। इसके बाद फिर से अकाउंट को खोलने का झांसा देकर जालसाजों ने कई बार में उनसे दो लाख 62 हजार रुपये ले लिए। जब उन्होंने जालसाजों से अपने रुपये मांगे तो उनको टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया गया।






पाठकों की राय