Greater Noida Crime: दहेज केस वापस लेने का दबाव, विवाहिता के अश्लील फोटो फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से वायरल, पति पर केस दर्ज

Greater Noida Crime: दहेज केस वापस लेने का दबाव, विवाहिता के अश्लील फोटो फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से वायरल, पति पर केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता के अश्लील फोटो फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, गाली-गलौज करने, धमकी देने और बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सलारपुर कलां गांव निवासी नेहा शर्मा की शादी 30 जून 2020 को दादरी के ब्रह्मपुरी मोहल्ला निवासी ऋषभ मिश्रा के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने वर्ष 2023 में अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़िता का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पति लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि वह फोन पर गाली-गलौज करता है और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर धमकियां देता है। इतना ही नहीं, विवाहिता को बदनाम करने के उद्देश्य से आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी पति ने मुकदमा वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
जारचा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पति ऋषभ मिश्रा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





