Bakrid 2026: बकरीद पर शाहरुख, सलमान और आमिर बने आकर्षण का केंद्र, लाखों रुपये में बिक रहे खास बकरे
बकरीद का चांद नजर आने के साथ ही नोएडा शहर में त्योहार की रौनक बढ़ गई है। बाजारों, गलियों और मोहल्लों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और बकरों की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार बाजार में शाहरुख, सलमान और आमिर नाम के बकरे लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शहर में 20 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक के बकरे बिक रहे हैं। खासतौर पर उन बकरों की मांग सबसे ज्यादा है, जिनके शरीर पर प्राकृतिक रूप से अल्लाह या बिस्मिल्लाह जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं।
नोएडा के विभिन्न इलाकों में लगे अस्थायी बाजारों में अलग-अलग नस्लों और वजन के बकरे बिक्री के लिए लाए गए हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के हिसाब से बकरों की खरीदारी कर रहे हैं। कई लोग बकरों को सजाने-संवारने में भी जुटे हुए हैं, जबकि बच्चे उन्हें फिल्मी सितारों के नाम देकर पुकार रहे हैं। बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा शाहरुख, सलमान और आमिर नाम के बकरों की हो रही है, जिन्हें देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
सेक्टर-9 निवासी शाहबुद्दीन ने बताया कि इस बार खास नस्ल और खूबसूरत दिखने वाले बकरों की काफी मांग रही। उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ कुर्बानी के लिए ही नहीं बल्कि अच्छे और आकर्षक बकरे खरीदने को लेकर भी काफी उत्साहित नजर आए। कई महंगे और खास बकरे त्योहार से पहले ही बिक चुके हैं।
सेक्टर-8 मस्जिद के मौलाना कारी नाजिम ने बताया कि 28 मई की सुबह ईद की नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद लोग कुर्बानी करेंगे। उन्होंने बताया कि बकरीद का त्योहार तीन दिनों तक मनाया जाता है और इन दिनों में कुर्बानी दी जाती है। इस्लाम में कुर्बानी का विशेष महत्व माना गया है। कुर्बानी के बाद गोश्त को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। पहला हिस्सा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए रखा जाता है, दूसरा रिश्तेदारों और पड़ोसियों में बांटा जाता है, जबकि तीसरा हिस्सा परिवार के लिए रखा जाता है। उन्होंने कहा कि इस त्योहार का सबसे बड़ा संदेश खुशियों और नेमतों को सभी के साथ साझा करना है।
मौलाना कारी नाजिम ने लोगों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और स्वच्छ तरीके से मनाएं ताकि समाज में भाईचारे और एकता का संदेश बना रहे।


