Uttar Pradesh : हापुड़ में चार घरों में चोरों का धावा, लाखों की नकदी और आभूषण ले उड़े बदमाश

Hapur : जनपद हापुड़ में बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गंदूनगला में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। इनमें से तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर बदमाश करीब 2.20 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के आभूषण लेकर भाग गए। एक घर में चोरी का प्रयास विफल रहा। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
किसान दलवीर सिंह ने बताया कि उनका और उनके भाई हरवीर सिंह का परिवार रात में घर के आंगन और कमरों के बाहर सो रहे थे। देर रात चोर घर में घुस गए, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह परिवार के सदस्य जागे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारियां खुली थीं। दलवीर सिंह के बेटे रोबिन ने बताया कि घर में पिता के ऑपरेशन के लिए करीब एक लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। इसके अलावा सोने चांदी के आभूषण भी चोरी हो गए।
वहीं हरवीर सिंह ने बताया कि उनके घर से करीब 1.20 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, कंठी, पाजेब, बिछुए और चांदी के बर्तन चोरी कर लिए गए। तीसरी वारदात अमरपाल सिंह के घर हुई। परिवार के सदस्य नीचे सो रहे थे, जबकि चोर ऊपर के कमरे से सामान चोरी कर ले गए। ग्रामीणों ने कहा कि बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। कई घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण पुलिस को शुरुआती जांच में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं चौथे घर में चोरी का प्रयास नाकाम हो गया। दीपक कुमार ने बताया कि आहट होने पर उन्होंने शोर मचा दिया, जिससे बदमाश मौके से भाग गए। उन्होंने पुलिस और ग्राम प्रधान को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल संपर्क नहीं हो सका। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। रात में पुलिस की सक्रियता कम होने से बदमाश बेखौफ होकर गांवों को निशाना बना रहे हैं। लोगों ने गांव में नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की मांग उठाई है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





