उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में ई-रिक्शा में छूटा गहने और नकदी से भरा बैग, ट्रैफिक पुलिस ने तलाश कर लौटाया

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के तहसील चौराहे पर रविवार की सुबह एक युवक का गहने और नकदी से भरा बैग ई-रिक्शा में रह गया। युवक ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस को इसकी सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा को तलाश कर युवक को उसका बैग वापस लौटा दिया।

सीओ राहुल यादव ने बताया कि जिला मेरठ के गांव कुसैड़ी निवासी प्रवीन शर्मा स्वर्ग आश्रम रोड स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। रविवार की सुबह वह स्वर्ग आश्रम रोड से ई-रिक्शा में सवार होकर मेरठ जाने लगे। तहसील चौराहे पर पहुंचने पर वह अपना अन्य सामान अपने साथ लेकर चले गए और एक बैग उनका ई-रिक्शा में ही रह गया। बैग में उनके गहने और 30 हजार रुपये की नकदी थी। चौराहा पार करने के बाद उन्हें अपने बैग की याद आई तो ई-रिक्शा चालक वहां नहीं था। इसके बाद वह कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की।

कोतवाली पुलिस ने यातायात प्रभारी नरेश कुमार को इसकी सूचना दी। उन्होंने हेड कांस्टेबल चमन खान को ई-रिक्शा की तलाश कर युवक का बैग लौटाने के निर्देश दिए। कांस्टेबल ने तहसील चौराहे पर लगे सीसीटीवी की जांच की तो उन्हें ई-रिक्शा का नंबर पता चला। इसके बाद नंबर के आधार पर कांस्टेबल ई-रिक्शा चालक कृष्ण कुमार निवासी गांव मुरादपुर तक पहुंच गए। इसके बाद कांस्टेबल ई-रिक्शा चालक को अपने साथ पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय ले आए और शाम को दोनों ने प्रवीन शर्मा को उनका बैग लौटा दिया। इस पर प्रवीन शर्मा ने यातायात पुलिस और ई-रिक्शा चालक का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button