राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: बंद मकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 59 केस वाले तीन आरोपी पकड़े गए

Noida Crime: बंद मकानों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 59 केस वाले तीन आरोपी पकड़े गए

नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में दर्जनों संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम सेक्टर-26 इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वे भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया। जब उनसे बाइक के कागजात मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जिस बाइक पर सवार थे, वह दिल्ली से चोरी की गई थी और इस संबंध में पहले से केस दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी मोनू उर्फ बंदर, इमरान और गाजियाबाद निवासी रवि के रूप में हुई है।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पहले दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हीं बाइकों का इस्तेमाल बंद पड़े मकानों की रेकी करने में करते थे। मौका मिलते ही वे घरों में चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार चोरी की बाइक बरामद की हैं, जिनमें दो दिल्ली से चोरी की गई थीं। इसके अलावा 5030 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं, जो चोरी के सामान को बेचने के बाद बची रकम बताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ कुल 59 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रवि पर 23 से ज्यादा, मोनू पर 29 से ज्यादा और इमरान पर सात मामले दर्ज हैं। गिरोह का सरगना मोनू उर्फ बंदर बताया जा रहा है और तीनों पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद ये आरोपी फिर से अपराध में सक्रिय हो जाते थे। पूछताछ में इन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button