YEDA Land Demolition: यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण ध्वस्तीकरण अभियान, 300 एकड़ भूमि मुक्त
रिपोर्ट: अजीत कुमार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में हो रहे अवैध अतिक्रमण के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों व ज़िलाधिकारी अलीगढ़ व एसएसपी अलीगढ़ के निर्देशन के क्रम में विशेष कार्याधिकारी यीडा शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टप्पल, हामिदपुर व स्यारोल, जनपद अलीगढ़ में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान में इन गांवों की लगभग 300 एकड़ अधिसूचित भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया जिसकी बाजारू कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपए बताई गई।
अभियान के दौरान द ग्रैंड कॉलोनाइजर, वृंदावन कॉलोनी जैसी अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। श्री सिंह ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा लगातार अभियान जारी रखने और अवैध कॉलोनाइज़रों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करने की बात कही। उन्होंने भोले-भाले खरीदारों को ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों से सतर्क रहने का भी संदेश दिया।
मौके पर प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी शिवअवतार सिंह, विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शाही, विशेष कार्याधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार, यीडा के पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र कुमार चौहान समेत अलीगढ़ जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तथा प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

