विधानसभा, लखनऊ: कांग्रेस नेता फिलीस्तीन का बैग लेकर घूम रहीं, हम नौजवानों को इजराइल भेज रहेः सीएम योगी

विधानसभा, लखनऊ, 17 दिसंबरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मंगलवार को अपने वक्तव्य के दौरान कई बार विपक्षी सदस्यों पर करारे कटाक्ष किए। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस की एक नेता संसद में फिलीस्तीन का बैग लेकर घूम रही थीं और हम यूपी के नौजवानों को इजराइल भेज रहे हैं। सीएम योगी यहीं नहीं रुके। उन्होंने विपक्षी सदस्यों को सरकार की योजनाओं और नीतियों को समझने का भी सुझाव दिया। बोले- प्रदेश के नौजवानों के हितों के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। विपक्ष के सदस्य यदि सरकार की योजनाओं और नीतियों के बारे में समझकर अपने क्षेत्र में कार्य करेंगे तो उनके क्षेत्र के नौजवानों का ही भला होगा और उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा, नहीं तो वही होगा जो कुंदरकी में हुआ है।

विपक्ष का काम सिर्फ नकारात्मक नहीं हो सकता
सीएम योगी बोले, हमें उत्तर प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। सदन में कुम्भ पर भी चर्चा होगी और मुझे लगता है कुम्भ हमारे लिए एक अवसर होगा उत्तर प्रदेश को वैश्विक मंच पर शोकेस करने का, लेकिन इसके लिए अच्छा बोलना और सोचना पड़ेगा। नकारात्मकता को हटाना पड़ेगा। विपक्ष का मतलब नकारात्मक नहीं हो सकता है। विपक्ष का मतलब हर चीज में बुराई करना नहीं हो सकता है। कुछ अच्छा भी करिए, अच्छा सोचिए, अच्छी दिशा में चलिए, अच्छी दिशा में चलेंगे तो आगे अच्छा ही देखने को मिलेगा, लेकिन अगर नकारात्मक दिशा में चलेंगे तो एक तरफ कुआं और एक तरफ खाई ही मिलेगी। नकारात्मकता किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। सीएम ने विपक्ष के सदस्यों से आग्रह किया सदन में आकर मुद्दों को रखें, लेकिन तथ्यों के साथ रखेंगे तो उनकी गरिमा और सम्मान बढ़ेगा। उनके मुद्दे उचित, लेकिन तथ्यहीन-अपुष्ट थे। उन्होंने अपील की कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और विद्वेष को छोड़कर सरकार की नीतियों और योजनाओं के बारे में पढ़ेंगे तो अपने क्षेत्र के नौजवानों का भला कर पाएंगे। नहीं तो आपका वही हाल होगा जो कुंदरकी में हुआ।

दुनिया मान रही यूपी के नौजवानों की स्किल
सीएम योगी ने कहा कि यूपी के अब तक लगभग 5,600 से अधिक नौजवान इजराइल में निर्माण कार्य करने गए हैं। हर नौजवान को वहां रहने और खाने की निःशुल्क सुविधा के साथ डेढ़ लाख रुपए अतिरिक्त मिल रहे हैं। उन्हें सुरक्षा की भी पूरी गारंटी है। अभी इजराइल के राजदूत आए थे। उन्होंने कहा कि हम यूपी के और भी नौजवानों को ले जाना चाहते हैं, क्योंकि यहां का नौजवान अच्छा कार्य कर रहा है। उसकी स्किल की ताकत को आज दुनिया मान रही है। जब वो नौजवान ये डेढ़ लाख रुपये अपने घर भेजता है तो प्रदेश के ही विकास में योगदान देता है। हमें उन नौजवानों का अभिनंदन करना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि 1947 में जब देश आजाद हुआ था तब उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय भारत की एवरेज प्रति व्यक्ति आय से अधिक थी और 2017 में जब हमें सत्ता प्राप्त हुई थी, तब उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय भारत की प्रति व्यक्ति आय की एक तिहाई रह गई थी। आज हम उसे दोगुना करने में सफल हुए हैं। मेरा मानना है कि अगले 5 साल के अंदर उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय फिर से भारत की प्रति व्यक्ति आय से अधिक होगी। प्रदेश की वर्तमान वृद्धि दर इसी दिशा में संकेत देती है।

हमारा प्रयास नौजवानों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीयत साफ है, नीतियां बहुत स्पष्ट है। सरकार प्रदेश के हर नौजवान के हित को लेकर पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से कार्य कर रही है और उसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश का स्किल डेवलपमेंट मिशन बेहतरीन काम कर रहा है। 12 लाख से अधिक युवाओं को इस स्किल डेवलपमेंट मिशन से जोड़ा गया है, 6 लाख से अधिक नौजवान इसके माध्यम से रोजगार प्राप्त किए हैं। ग्लोबल मैपिंग के साथ कहां-कहां यूपी के नौजवानों के लिए नौकरी की संभावना हो सकती है, इसके लिए भी सरकार के स्तर पर कार्य प्रारंभ हुआ है। इसमें सामान्य पाठ्यक्रम के साथ दुनिया के अंदर मॉडल कोर्सेज कौन-कौन से हो सकते हैं, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। हमारी नेशनल एजुकेशन पॉलिसी भी स्किल मिशन पर बहुत ध्यान दे रही है। स्किल मिशन इसी बात को लेकर है कि जब हमारा नौजवान अपने कॉलेज की पढ़ाई करके निकले तो खुद को असहाय न महसूस करे, बल्कि वह खुद को आत्मनिर्भर-स्वावलंबी महसूस करे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने नौजवानों के हितों को समृद्ध करने के लिए प्रतिबद्ध है। जो मुद्दे यहां उठाए गए हैं, सरकार उसके प्रति अवेयर है। किसी भी नौजवान के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की छूट किसी को भी नहीं दी जाएगी।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img