राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में शराब लेकर जा रहे युवकों ने पुलिस पर किया हमला, दो सिपाही घायल, एक के सिर में गंभीर चोट

Hapur : हापुड़ में देर रात शराब ले जा रहे युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में थाना हापुड़ देहात के दो सिपाही घायल हो गए, जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायल सिपाहियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शुक्रवार देर रात करीब एक बजे थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर के पास हुई। थाना हापुड़ देहात में तैनात सिपाही दौलत राम और अभिषेक त्यागी गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें बाइक पर शराब की बोतलें ले जा रहे दो युवक दिखे। सिपाहियों ने युवकों को रोका और उनसे पूछताछ की। युवकों ने बताया कि वे शराब खरीदकर ला रहे थे। देर रात शराब ले जाने पर सिपाहियों द्वारा सवाल किए जाने पर दोनों युवक भड़क गए।

इसके बाद उन्होंने मौके पर अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया और पुलिसकर्मियों पर सामूहिक हमला कर दिया। मारपीट इतनी भीषण थी कि सिपाही दौलत राम के सिर पर गहरी चोट आई, जबकि अभिषेक त्यागी भी बुरी तरह घायल हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पारस मलिक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायल सिपाहियों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button