उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

Hapur : हापुड़ में थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला में शुक्रवार रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार गांव घुंघराला में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने घटना को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलने पर हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर करोड़ों लोगों की आस्था और सम्मान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया जाना अत्यंत निंदनीय और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला कृत्य है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। वहीं, ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button