Uttar Pradesh : हापुड़ में वेतन और अवकाश की मांग को लेकर कर्मचारियों का हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Hapur News : हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में स्थित दो कंपनी में उस समय अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और नियमित अवकाश की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और माहौल बिगड़ता चला गया।
कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। स्थिति तेजी से बिगड़ती देख मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया।
हंगामे के दौरान कई कर्मचारियों ने अपनी पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया। कार्रवाई के डर से वे खुलकर सामने नहीं आए, लेकिन उनके भीतर का आक्रोश साफ तौर पर दिखाई दिया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान समय रहते किया गया होता तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
मामले पर सीओ अनीता चौहान ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।





