Uttar Pradesh : हापुड़ में हरे आम के पेड़ों का अवैध कटान, ठेकेदार और खेत मालिक पर मुकदमा दर्ज

Hapur News : हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव कुराना में बिना अनुमति आम के हरे पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है, जिस पर वन विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ठेकेदार और खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन दरोगा सोनू कुमार के अनुसार 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में रात के समय हरे आम के पेड़ों को अवैध रूप से काटा गया है, जिसके बाद वह वन दरोगा अनुज के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। मौके पर 12 हरे आम के पेड़ों के कटान के साक्ष्य मिले, जहां पेड़ों की जड़ें, टहनियां, पत्ते और लकड़ी का बुरादा पड़ा हुआ था।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि पेड़ों को ठेकेदार इकबाल निवासी ग्रीन गार्डन बुलंदशहर रोड हापुड़ ने रात में कटवाया था, जबकि ये पेड़ गांव कुराना निवासी आमिर के खेत में खड़े थे। वन विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन ठेकेदार का फोन बंद मिला। आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर पेड़ों का कटान कराया और लकड़ी को मौके से हटा दिया।
थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि वन विभाग की तहरीर के आधार पर ठेकेदार इकबाल और खेत मालिक आमिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।





