उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में NH-9 पर थार से लटककर स्टंट, VIDEO VIRAL

Hapur : सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक अब युवाओं को सीधे मौत के मुंह तक पहुंचा रही है। हापुड़ के थाना सिम्भावली क्षेत्र स्थित NH-9 पर एक युवक ने चलती थार कार की साइड में लटककर खतरनाक स्टंट किया। वायरल वीडियो में युवक तेज रफ्तार थार के दरवाजे से बाहर लटककर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि स्टंट के दौरान वाहन व्यस्त हाईवे पर दौड़ रहा था, जहां हर समय भारी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में एक छोटी सी चूक न केवल युवक की जान ले सकती थी, बल्कि कई निर्दोष लोगों को भी हादसे का शिकार बना सकती थी।

सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवा लगातार खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हाईवे पर इस तरह की हरकतें सीधे मौत को दावत देने के समान हैं। वायरल वीडियो में युवक जिस तरह वाहन के बाहर लटक रहा है, उससे साफ है कि सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-9 पर पहले ही तेज रफ्तार वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में सड़क को स्टंट का मंच बनाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान से खिलवाड़ भी है।

वायरल वीडियो में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार में पुलिस के सायरन जैसी आवाज भी सुनाई दे रही थी। हाईवे पर सायरन बजाती गाड़ी और उसकी साइड में लटका युवक देखकर राहगीरों को ऐसा आभास हो रहा था मानो कोई वीआईपी मूवमेंट चल रहा हो। लोगों का कहना है कि इस तरह सायरन का इस्तेमाल कर सड़क पर रौब झाड़ना और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाना बेहद खतरनाक है। इससे अन्य वाहन चालक भ्रमित हो सकते हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हापुड़ पुलिस और यातायात विभाग हरकत में आ गई। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही थार की पहचान वाहन संख्या UP16EN0074 के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन का 12 हजार रुपये का चालान कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए सड़क पर स्टंट करना बेहद गैरजिम्मेदाराना और खतरनाक कृत्य है। वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति सड़क, हाईवे या सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की स्टंटबाजी करते हुए पाया गया तो केवल चालान ही नहीं, बल्कि उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button