Uttar Pradesh : हापुड़ में ब्रजघाट के पास गंगा में मिली मृत डॉल्फिन, वन विभाग ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

Hapur : जनपद हापुड़ में तीर्थ नगरी ब्रजघाट स्थित श्मशान स्थल के पास एक मृत डॉल्फिन मिलने से अफरा-तफरी मच गई। एक नाविक श्मशान घाट की तरफ नाव लेकर गया तो वहां डॉल्फिन को मृत अवस्था में देख उसके होश उड़ गए।
उसने इस बात की जानकारी मुख्य स्नान घाट पर आकर अन्य लोगों को दी। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने डॉल्फिन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं डॉल्फिन की मौत के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बता दें कि करीब एक वर्ष पूर्व भी गंगा में घड़ियाल का शव गंगा में तैरता मिला था। लेकिन वन विभाग की टीम शव को बरामद तक नहीं कर पाई थी। शुक्रवार को डॉल्फिन की मौत के बाद एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह का कहना है कि डॉल्फिन के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। डॉल्फिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।




