Uttar Pradesh : हापुड़ में बैग में महिला का सिर होने की अफवाह निकली गलत, निकले वीग बाल

Hapur News : हापुड़ में रविवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से दिल्ली फाटक की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के किनारे एक पिन्नी में महिला का कटा हुआ सिर पड़े होने की सूचना से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले उन्हें सुरक्षित दूरी पर हटाया और फिर जांच शुरू की। इसी दौरान दिल्ली से कोटद्वार जा रही सिद्धबली जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन भी घटनास्थल के पास रुक गई, जिससे यात्री भी हैरान रह गए।
पुलिस टीम ने पिन्नी को खोलकर जांच की तो अंदर से एक के बाद एक तीन विग निकले। महिला का सिर होने की अफवाह पूरी तरह गलत साबित हो गई। पिन्नी में केवल विग थे, कोई सिर या शव नहीं था।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि शुरुआत में सूचना महिला के सिर की मिलने की थी, लेकिन गहन जांच में केवल विग मिले हैं। उन्होंने कहा कि मामला गलतफहमी पर आधारित था और अब कोई आपराधिक मामला नहीं बनता।


