Hapur : हापुड़ में 2 जून को उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल उर्फ कबाड़ी के घर चार नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश परिवार को बंधक बनाकर 2 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली देहात प्रभारी नीरज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह एसओजी प्रभारी पारस मलिक को नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जो पहले कई बड़ी वारदातों का पर्दाफाश कर चुके हैं।
यह घटना गढ़ रोड पर सीएचसी के सामने मोहल्ला गिरधारी नगर में हुई थी। उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। रात करीब 11:30 बजे उनके पोते सिद्धांत एक मित्र के साथ बाहर से लौटे और चौकीदार श्याम कुमार सेठ से मुख्य गेट खुलवाने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुस गए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर चौकीदार और सिद्धांत को काबू में कर लिया। इसके बाद वे कमरे में पहुंचे और उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी, उनकी पत्नी सुशीला देवी, पोते सिद्धांत तथा चौकीदार को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने सिद्धांत को गन पॉइंट पर रखकर जान से मारने की धमकी दी और दो करोड़ रुपये की मांग की। परिवार को चादर के टुकड़ों से बांधकर बदमाशों ने अलमारी की चाबी ली और सवा किलो से अधिक सोने-चांदी के आभूषण तथा लाखों रुपये की नकदी लूट ली। लूटपाट के बाद सभी को बंधक बनाए रखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सूत्रों के अनुसार जांच टीम को बदमाशों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एसपी के निर्देश पर 10 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो विभिन्न दिशाओं में छानबीन कर रही हैं। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



