Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार को शादी का झांसा देकर युवती से कई वर्षों से दुष्कर्म करने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी वर्ष 2023 से युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा था और अपनी शादी की बात छिपा रखी थी।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि नौ मई 2026 को दर्ज रिपोर्ट में नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक गांव निवासी युवती ने बताया था कि मोहल्ला गणेशपुरा निवासी जोगिंद्र उनके गांव में फास्ट फूड का ठेला लगाता था। वह उसके ठेले से सामान लेने के लिए जाती थी। इस दौरान उसकी उससे जान पहचान हो गई। इसके बाद दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। आरोप है कि शादी की बात छिपाते हुए वर्ष 2023 से आरोपी शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। 15 मार्च 2026 को आरोपी का उसकी पत्नी से तलाक हो गया।
इसके बाद आरोपी ने उसे अपने घर पर ही रख लिया। इसकी जानकारी आरोपी के परिजनों को भी थी। उसने आरोपी को अपने परिजनों से भी कई बार मिलवाया था। 19 मार्च 2026 को शादी करने की बात कहने पर आरोपी और उसके परिजनों ने मारपीट कर उसे अपने घर से निकाल दिया। पुलिस में कार्रवाई करने पर उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। छह अप्रैल को वह कोतवाली पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, बल्कि पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसपर दस लाख रुपये अपने माता पिता से लाने का भी दबाव बनाया। इसके बाद विवश होकर उसने डीजीपी समेत अन्य उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की थी।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने जोगिंद्र को मोदीनगर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
