उत्तर प्रदेश : मथुरा में दो मंजिला मकान ढहने से बड़ा हादसा, मलबे में दबकर भाई-बहन की मौत, पांच घायल

Mathura News (सौरभ) : कोसीकलां के मुहल्ला निकासा चौराहे पर सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। करीब 7:30 बजे हाजी मंगा वाली पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। मलबे में दबकर दो मासूम भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। इमारत में नीचे के हिस्से में सहजाद, उनकी पत्नी तेजीवारा, 12 वर्षीय पुत्र आहिल और 6 वर्षीय पुत्री माहिरा रहते थे, जबकि ऊपरी मंजिल पर साबिर उर्फ पव्वा, उनकी पत्नी गुड्डी और भाई इमरान का परिवार रहता था। अचानक हुई ढहान से सभी लोग मलबे में दब गए।

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल कोसीकलां सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने आहिल और माहिरा को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में सहजाद और गुड्डी की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जर्जर भवन को पूरी तरह से गिरवाने का आदेश दिया, ताकि आगे किसी भी तरह का खतरा न रहे।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मलबे में दबे सभी लोगों को समय रहते निकाल लिया गया, लेकिन दो मासूमों की जान नहीं बच सकी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img